चतरा समाहरणालय स्थित सभा कक्ष में उपायुक्त, अबु इमरान की अध्यक्षता में वित्तीय वर्ष 2022-23 के त्रैमासिक दिसंबर 2022 जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (डीएलसीसी) एवं समीक्षा समिति (डीएलआरएसी) की बैठक जिले के सभी बैंकों के प्रतिनिधियों के साथ समीक्षा किया गया।बैठक में उपायुक्त ने पूर्व की बैठक में दिए गए निर्देशों का अनुपालन की समीक्षा करते हुए लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया। साथ ही इस दौरान जिले के सभी बैंक प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त अबु इमरान ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में बैंक की भूमिका काफी महत्वपूर्ण होती है।बैठक में मुख्य रूप से वार्षिक ऋण योजना 2022-2023 बैंको की उपलब्धियों पर चर्चा, वित्तीय वर्ष 2022-2023 के लिए सी.डी. रेशियों पर चर्चा, सरकार प्रायोजित विभिन्न योजनाएं तथा किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधान मंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, एसएचजी योजना, एआईएफ हेतु लक्ष्य एवं उपलब्धियों की समीक्षा, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, गैर निष्पादित परिसंपत्तियों पर चर्चा, आर.सेटी चतरा के कार्यकलापों की समीक्षा की गई।
ऋण जमा अनुपात के मामले में चतरा जिले का 28.47% प्रतिशत है जिसे 40% प्रतिशत करने हेतु निदेशित किया गया । साथ ही प्रधान मंत्री जन धन योजना के अंतर्गत बीमित, मृतक का शतप्रतिशत क्लेम सेटल, 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का खाता शत प्रतिशत खोला जाये ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ लाभुकों को मिल सके।छात्र छात्राओं का खाता खुलवाने को लेकर अभी तक के प्रगति प्रतिवेदन की समीक्षा करते हुए योग्य सभी छात्र छात्राओं का खाता खुलवाने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर करने का निर्देश दिया।साथ ही उन्होंने किसान क्रेडिट कार्ड योजना के अंतर्गत लाभुकों की संख्या बढाने और पासबुक अपडेट में आ रही परेशानी के निराकरण को लेकर जरूरी दिशा निर्देश दिया।
बैठक में मुख्य रूप से जिला परिषद अध्यक्ष ममता कुमारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष बृज किशोर तिवारी, निदेशक डीआरडीए, अरूण कुमार एक्का, रिजर्व बैंक के अधिकारी श्री अमित विश्वकर्मा रांची, जिला अग्रणी प्रबंधक देवव्रत शर्मा एवं सभी बैंको के शाखा प्रबंधक समेत अन्य सभी संबंधित उपस्थित थे।


