
कान्हाचट्टी (चतरा)। कान्हाचट्टी प्रखंड के राजाचक स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय में एक सातवीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद विद्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मृतक छात्र गिरिडीह जिले के तीसरी प्रखंड का निवासी बताया जा रहा है। छात्र की अचानक हुई मौत से विद्यालय के अन्य विद्यार्थियों और आसपास के ग्रामीणों में शोक के साथ-साथ कई सवाल भी खड़े हो रहे हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, छात्र ने रात में विद्यालय में अन्य विद्यार्थियों के साथ खाना खाया था। इसके बाद वह अपने कमरे में सोने चला गया। बताया जा रहा है कि रात में सोने के दौरान अथवा सुबह उसके नाक से खून निकलने लगा। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई और उसने दम तोड़ दिया। हालांकि, छात्र की मौत किन परिस्थितियों में हुई और नाक से खून निकलने की वास्तविक वजह क्या थी, इसका अब तक स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। घटना की सूचना मिलते ही राजपुर थाना की पुलिस मामले की जांच में जुट गई। पुलिस ने छात्र की मौत से जुड़े घटनाक्रम की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। वहीं, विद्यालय प्रशासन की ओर से छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए चतरा सदर अस्पताल भेजे जाने की जानकारी मिली है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके। बताया जा रहा है कि घटना के समय विद्यालय के प्राचार्य छुट्टी पर थे। सूत्रों के मुताबिक, छात्र की मौत की सूचना मिलने के बावजूद मृतक के परिजन तत्काल विद्यालय नहीं पहुंच पाए थे। ऐसे में विद्यालय प्रशासन की ओर से आगे की प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इधर, घटना के बाद ग्रामीणों ने विद्यालय प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए लापरवाही का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि आखिर छात्र की तबीयत बिगड़ने पर उसे समय रहते उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई थी या नहीं, इसकी जांच होनी चाहिए। साथ ही यह भी स्पष्ट होना चाहिए कि छात्र की हालत खराब होने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने क्या कदम उठाए और परिजनों को कब सूचना दी गई। फिलहाल छात्र की मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। राजपुर पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं।
