
Chatra । झारखंड के सरकारी अस्पतालों में इलाज के लिए सुबह-सुबह लगने वाली लंबी कतारों से मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद जगी है। राज्य सरकार के आरोग्य सेवा पोर्टल (jhareswasth.jharkhand.gov.in) के जरिए अब मरीज घर बैठे ही अपना ओपीडी अपॉइंटमेंट ऑनलाइन बुक कर सकेंगे। इससे न सिर्फ समय की बचत होगी, बल्कि मरीजों को अपनी पसंद के डॉक्टर और समय का स्लॉट भी पहले से मिल जाएगा।
तीन आसान तरीकों से बुकिंग
पोर्टल पर अपॉइंटमेंट बुक करने के लिए मरीजों के पास तीन विकल्प उपलब्ध हैं। पहला विकल्प ABHA (आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट) नंबर का है। इसमें मरीज अपना ABHA नंबर डालकर लिंक मोबाइल नंबर पर आए ओटीपी को वेरीफाई करते ही अपनी जानकारी अपने आप भरी हुई पा सकते हैं और तुरंत अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं। दूसरा विकल्प मोबाइल नंबर का है। जिन मरीजों के पास ABHA नंबर नहीं है, वे अपना मोबाइल नंबर डालकर ओटीपी से लॉगिन कर सकते हैं। इसके बाद मरीज का नाम, उम्र और लिंग जैसी सामान्य जानकारी भरकर उपलब्ध स्लॉट में अपॉइंटमेंट ले सकते हैं। तीसरा विकल्प उन मरीजों के लिए है, जो अस्पताल के पुराने या रजिस्टर्ड मरीज हैं। ऐसे मरीज अपना सीआरएन (Central Registration Number) डालकर सीधे फॉलो-अप या री-विजिट के लिए अपॉइंटमेंट बुक कर सकते हैं।
मरीजों को मिलेगा ये बड़ा फायदा
इस डिजिटल प्रणाली से मरीजों को अस्पताल खुलने से पहले काउंटर पर पहुंचकर लंबी कतार में खड़े होने की जरूरत नहीं रहेगी। अपॉइंटमेंट बुक होते ही मरीज को पहले से पता चल जाएगा कि उसे किस तारीख और किस समय डॉक्टर से मिलना है। इसके अलावा, ABHA कार्ड लिंक होने से मरीज का डिजिटल हेल्थ रिकॉर्ड भी तैयार होगा। भविष्य में उनकी मेडिकल रिपोर्ट और दवाइयों के पर्चे मोबाइल पर ही सुरक्षित रहेंगे, जिससे दोबारा इलाज के दौरान डॉक्टरों को मरीज का पूरा इतिहास आसानी से मिल सकेगा। स्वास्थ्य विभाग की इस पहल से उम्मीद है कि सरकारी अस्पतालों में भीड़ कम होगी और मरीजों को समय पर बेहतर सुविधा मिलेगी।
