
चतरा जिले में अवैध अफीम के कारोबार के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में लावालौंग थाना क्षेत्र में एसएसबी और पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए बाइक की डिक्की से 600 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है पुलिस ने मौके से एक युवक को गिरफ्तार किया है जबकि दूसरा बाइक सवार फरार होने में सफल रहा। गिरफ्तार आरोपी के पास से अफीम के अलावा एक मोबाइल फोन और हीरो सीडी डिलक्स बाइक भी जब्त की गई है मामला लावालौंग थाना क्षेत्र का है जहां गिरफ्तार तस्कर की पहचान मंधनिया गांव निवासी 25 वर्षीय मुकेश कुमार गंझू, पिता सुरेश गंझू के रूप में हुई है बुधवार को एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊसाहेब ने अपने कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी उन्होंने बताया कि एसएसबी और लावालौंग पुलिस की संयुक्त टीम अभियान चलाकर पसागम से होसिर की ओर लौट रही थी। इसी दौरान होसिर से पसागम की ओर जा रहे दो बाइक सवार पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर एक बाइक सवार को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फरार हो गया पकड़े गए युवक की बाइक की डिक्की की तलाशी लेने पर 600 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने अफीम के साथ एक मोबाइल फोन और हीरो सीडी डिलक्स बाइक को भी जब्त कर लिया है इस मामले में लावालौंग थाना कांड संख्या 80/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अनुसार प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं फरार आरोपी समेत अन्य तस्करों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है एसडीपीओ ने स्पष्ट कहा कि क्षेत्र में अफीम की अवैध खेती और कारोबार के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। गांवों और पंचायतों में लोगों को अफीम की खेती नहीं करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। इसके बावजूद इस अवैध गतिविधि में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि अफीम की खेती करने वालों और इसके अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा इस छापेमारी अभियान में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार पुलिस अवर निरीक्षक विधायक प्रसाद यादव सहायक अवर निरीक्षक वर्षा किस्कू और शिला ओपी के एसएसबी जवान शामिल थे।
