
कान्हाचट्टी/चतरा । कान्हाचट्टी प्रखंड के सायाल बगीचा में मंगलवार को दुर्गापूजा के सफल, शांतिपूर्ण एवं भव्य आयोजन को लेकर पूजा समिति की बैठक आयोजित की गयी। बैठक में दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने तथा पूजा को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गयी।
बैठक में पूजा पंडाल के निर्माण, आकर्षक सजावट, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा भीड़ को नियंत्रित करने सहित अन्य आवश्यक तैयारियों पर विचार-विमर्श किया गया। समिति के सदस्यों ने कहा कि पूजा के दौरान किसी भी श्रद्धालु को परेशानी नहीं हो, इसके लिए पहले से ही सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी।
रावण दहन कार्यक्रम का भी होगा आयोजन बैठक में इस वर्ष दुर्गापूजा के अवसर पर रावण दहन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया गया। समिति के सदस्यों ने बताया कि रावण दहन को लेकर विशेष तैयारी की जाएगी। कार्यक्रम को आकर्षक बनाने के साथ-साथ सुरक्षा के सभी पहलुओं का भी ध्यान रखा जाएगा। रावण दहन कार्यक्रम के आयोजन से दुर्गापूजा के उत्सव में और भव्यता आने की उम्मीद है तथा आसपास के ग्रामीणों में भी इसे लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। सर्वसम्मति से पूजा समिति का गठन बैठक के दौरान दुर्गापूजा के आयोजन को बेहतर ढंग से संचालित करने के लिए पूजा समिति का गठन भी किया गया। सर्वसम्मति से राजेंद्र सिंह को अध्यक्ष, बबलू केसरी को उपाध्यक्ष तथा अशोक सिंह को सचिव बनाया गया। वहीं समिति के सदस्य के रूप में विक्की सिंह, नितेश सिंह, सिकंदर सिंह, घनश्याम पासी मुखिया, अनुग्रह सिंह, उपेन्दर सिंह, सुनील सिंह एवं प्रदीप सिंह समेत अन्य लोगों को शामिल किया गया। समिति के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने कहा कि दुर्गापूजा क्षेत्र के लोगों की आस्था और श्रद्धा से जुड़ा पर्व है। इसलिए पूजा को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी लोग मिलकर कार्य करेंगे। पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में समिति के सदस्यों ने ग्रामीणों एवं श्रद्धालुओं से भी दुर्गापूजा के दौरान आपसी सौहार्द बनाए रखने तथा प्रशासन और पूजा समिति का सहयोग करने की अपील की।
कान्हाचट्टी संवादाता नितेश कुमार सिंह
