
हजारीबाग | शहर में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस ने टोटो चालकों को यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर रविवार को यातायात थाना परिसर में टोटो चालकों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर हजारीबाग की मौजूदगी में यातायात थाना प्रभारी ने शहरी क्षेत्र में चलने वाले टोटो चालकों को यातायात नियमों की जानकारी दी। पुलिस अधिकारियों ने चालकों से सड़क पर वाहन चलाते समय नियमों का पालन करने, यातायात व्यवस्था बनाए रखने और अपनी जिम्मेदारी समझने की अपील की।
नियमों के पालन की दिलाई शपथ
कार्यक्रम के दौरान सभी टोटो चालकों को यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करने की शपथ दिलाई गई। इसके साथ ही चालकों से शपथ पत्र भी भरवाया गया, ताकि वे यातायात नियमों के पालन के प्रति अपनी जिम्मेदारी सुनिश्चित करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि शहर में सुचारु यातायात के लिए वाहन चालकों का सहयोग जरूरी है। टोटो चालक भी सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से चालकों से अपील की गई कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सड़क पर वाहन चलाते समय अन्य लोगों की सुरक्षा का भी ध्यान रखें।
