
Chatra : करम पूजा की पूर्व संध्या पर आज सदर प्रखंड अंतर्गत सिकीद पंचायत के ग्राम संघरी स्थित फुटबॉल मैदान में पारंपरिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त रवि आनंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सत्यानंद भोगता विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर आयोजकों एवं स्थानीय ग्रामीणों द्वारा ढोल, मांदर एवं नगाड़े की पारंपरिक धुन के साथ पगड़ी एवं पुष्पमाला भेंट कर अतिथियों का स्वागत किया गया। इसके उपरांत उपायुक्त रवि आनंद ने अखड़ा में विधिवत पूजा-अर्चना कर एवं फीता काटकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पारंपरिक लोकगीत एवं लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों को भाव-विभोर कर दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोगों के साथ युवा, महिलाएं एवं स्थानीय ग्रामीण शामिल हुए।
मौके पर उपायुक्त रवि आनंद ने जिलेवासियों को करम पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि झारखंड की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति से गहरे जुड़ाव से है। करम पर्व हमारी लोक संस्कृति, प्रकृति प्रेम और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। ऐसे सांस्कृतिक आयोजन हमारी समृद्ध लोक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने के साथ-साथ नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोक कला, संस्कृति एवं परंपराओं के संरक्षण और संवर्धन के लिए सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। ऐसे आयोजनों से हमारी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है। पूर्व मंत्री सत्यानंद भोगता ने भी उपस्थित लोगों को करम पूजा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने करम पर्व को सामाजिक एवं सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए प्रकृति के प्रति सम्मान, भाई-बहन के स्नेह तथा सामाजिक सहयोग एवं एकजुटता के संदेश को रेखांकित किया।
