
Chatra : लावालौंग थाना क्षेत्र के हेडुम पंचायत भवन के कुछ दूरी पर लगाए गए सोलर पावर प्लांट से 240 बैटरियां चोरी होने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी अजीत यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उक्त विषय को लेकर प्रेस वार्ता के दौरान इंस्पेक्टर पंकज कच्छप ने बताया कि विगत 8 सितंबर को जेरेडा कंपनी के मैनेजर राहुल ने हेडूम गांव में लगाए गए सोलर पावर प्लांट से 240 बैटरी चोरी होने का मामला दर्ज कराया था। इसके आधार पर बीएनएस के तहत दो नामजत अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
गुप्त सूचना पर हुई पहली गिरफ्तारी
आगे इंस्पेक्टर ने बताया की वरीय पदाधिकारी के निर्देश पर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही थी। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी सह हेडुम गांव निवासी अजीत यादव अपने बहन के घर जोरी के पैनी गांव में रह रहा है।सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर अजीत यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पवन तुरी के घर से चोरी का सामान बरामद
पूछताछ और अजीत यादव की निशानदेही पर पुलिस ने मामले के अन्य आरोपी पवन तुरी के घर पर छापेमारी की।पुलिस के अनुसार पवन तुरी पूर्व में सोलर प्लेट लगाने वाली कंपनी में काम करता था। छापेमारी के दौरान उसके घर से चोरी की गई 13 सोलर बैटरी और 2 सोलर प्लेट बरामद की गईं।
अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी तथा चोरी की गई शेष बैटरियों की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।पुलिस टीम में सिमरिया इंस्पेक्टर पंकज कच्छप, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार,एसआई विधायक प्रसाद यादव,एएसआई वर्षा किस्कू सहित लावालौंग थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।
रिपोर्टर मो0 साजिद
