
चतरा। शहर के चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग स्थित चांदनी होटल में कथित रूप से चल रहे देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने होटल में छापेमारी कर 07 पुरुष एवं 05 महिलाओं समेत कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान होटल केअलग-अलग कमरों से आपत्तिजनक स्थिति में युवक-युवतियों को पकड़ा गया। मामले में सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार सभी आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे भेजने की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को दोपहर करीब 1:05 बजे पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर स्थित चांदनी होटल में पिछले कुछ दिनों से अवैध रूप से देह व्यापार का धंधा संचालित किया जा रहा है। सूचना के अनुसार होटल में लगातार कुछ युवक एवं युवतियों का आना-जाना लगा रहता था। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।छापामारी टीम ने होटल में पहुंचकर विधिवत छापेमारी की। इस दौरान होटल की पहली मंजिल के कमरा नंबर-101, दूसरी मंजिल के कमरा नंबर-202, तीसरी मंजिल के एक कमरे तथा चौथी मंजिल के एक कमरे की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान चौथी मंजिल के कमरे से एक युवक एवं एक युवती को आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया। पुलिस ने छापामारी दल के सहयोग से सभी संबंधित लोगों को मौके से हिरासत में लेकर थाना लाया।
कमरों से मिले सामान किए गए जब्त
पुलिस ने होटल के चारों कमरों में मौजूद युवक-युवतियों द्वारा इस्तेमाल किए जा रहे सामानों को जब्ती सूची तैयार कर जब्त किया। इसके अलावा गिरफ्तार पुरुष एवं महिलाओं के पास से एक-एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन, कुल नौ मोबाइल फोन तथा एक एपल कंपनी का मोबाइल बरामद किए जाने की बात पुलिस की ओर से कही गई है।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने उजले रंग की अपाची मोटरसाइकिल (रजिस्ट्रेशन नंबर JH13M-9158) और लाल रंग की स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर JH13G-7429) भी बरामद की है। बरामद वाहनों एवं अन्य सामान को पुलिस ने जब्ती सूची में शामिल किया है।
12 लोगों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस की कार्रवाई में कुल 12 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें सात पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं। पुलिस अब गिरफ्तार लोगों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में यह गतिविधि कब से चल रही थी और इसके संचालन में कौन-कौन लोग शामिल थे।
मामले को लेकर सदर थाना कांड संख्या 354/2026, दिनांक 21 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के साथ अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
पुलिस टीम में ये रहे शामिल
छापेमारी दल में सदर चतरा के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन, सदर थाना के पुलिस अवर निरीक्षक अनिल उरांव, पुलिस अवर निरीक्षक मनीष कुमार, महिला थाना प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक फिरदौस नाज तथा सदर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।पुलिस की इस कार्रवाई के बाद शहर के होटल एवं लॉज संचालकों में भी हड़कंप मच गया है। पुलिस का कहना है कि अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। चांदनी होटल में हुई इस कार्रवाई को लेकर पुलिस अब पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी है, ताकि इस तरह की गतिविधियों में शामिल अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आ सके।
