
कान्हाचट्टी (चतरा)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश देने के उद्देश्य से कान्हाचट्टी प्रखंड में 13 अगस्त, गुरुवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। युवा आदर्श फाउंडेशन के बैनर तले आयोजित होने वाली इस यात्रा को लेकर संगठन के सदस्यों और युवाओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। यात्रा में प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों के शामिल होने की उम्मीद है। युवा आदर्श फाउंडेशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह उर्फ गुजुन ने कहा कि तिरंगा देश की एकता, अखंडता, गौरव और विविधता का प्रतीक है। देशप्रेम की भावना लोगों को एक-दूसरे से जोड़ती है और समाज में आपसी भाईचारे को मजबूत करती है। उन्होंने कहा कि देशभक्ति किसी एक दिन तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह भावना हर नागरिक के जीवन में सदैव बनी रहनी चाहिए। उन्होंने बताया कि तिरंगा यात्रा का मुख्य उद्देश्य युवाओं और आम लोगों में राष्ट्रप्रेम, सामाजिक एकता एवं आपसी सौहार्द की भावना को मजबूत करना है। यात्रा के माध्यम से लोगों को राष्ट्र के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया जाएगा। रामनगर उच्च विद्यालय से शुरू होगी यात्रा आयोजकों के अनुसार, 13 अगस्त की सुबह 8:30 बजे रामनगर उच्च विद्यालय, कान्हाचट्टी से तिरंगा यात्रा का शुभारंभ होगा। इसके बाद यात्रा कान्हाचट्टी मुख्य बाजार समेत विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए सीताराम शायल बगीचा, कान्हाचट्टी पहुंचेगी। यहां राष्ट्रगीत के साथ तिरंगा यात्रा का समापन किया जाएगा। आयोजकों ने प्रखंड क्षेत्र के सभी युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। युवा आदर्श फाउंडेशन ने कहा कि हाथों में तिरंगा लेकर निकलने वाली यह यात्रा राष्ट्रप्रेम, एकता, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का संदेश देगी। फाउंडेशन ने सभी प्रखंडवासियों से सादर अपील करते हुए कहा कि वे अपने हाथों में तिरंगा लेकर इस भव्य यात्रा का हिस्सा बनें और देश के प्रति अपने प्रेम एवं जिम्मेदारी का परिचय दें।
कान्हाचट्टी संवादाता नितेश कुमार सिंह
