
Chatra : लावालौंग प्रखंड की कोलकोले पंचायत अंतर्गत ढोंगाडाढ़ी गांव में शुक्रवार को चराई के दौरान वज्रपात ( ठनका)की चपेट में आने से आठ मवेशियों की मौत हो गई। इस घटना में पांच पशुपालकों को लाखों रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और मायूसी का माहौल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार सभी मवेशी प्रतिदिन की तरह गांव के समीप चर रहे थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हुआ और तेज गर्जना के साथ वज्रपात हुआ, जिसकी चपेट में आने से आठ मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना में भुनेश्वर भुईयां की चार गाय जो लगभग 150000 (एक लाख पचास हजार रुपए) प्रभु भुईयां का एक बैल 25000 (पच्चीस हजार)राजेश भुईयां की एक गाय 60000( साठ हजार रुपए)विकास रविदास की एक गाय 20000( बीस हजार)तथा सरजू महतो का एक बैल 15000( पंद्रह हजार) की कीमत स्थानीय ग्रामीणों द्वारा बताई गई। पीड़ित परिवारों ने बताया कि मृत मवेशी संबंधित परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार थे। एक साथ आठ मवेशियों की मौत से प्रभावित परिवारों के सामने गंभीर आर्थिक संकट उत्पन्न हो गया है। पशुपालकों ने प्रशासन से शीघ्र सर्वे कराकर उचित मुआवजा एवं सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है।ग्रामीणों ने पशुपालन विभाग से शेष मवेशियों के स्वास्थ्य परीक्षण एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की भी मांग की है। उनका कहना है कि समय पर राहत मिलने से प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल मिल सकेगा।
रिपोर्टर मो० साजिद
