
Chatra : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम-2026 को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से लावालौंग प्रखंड कार्यालय सभागार में एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण सह समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारीसह अंचल पदाधिकारी विपिन कुमार भारती ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी-सह-अनुमंडल पदाधिकारी प्रदीप कुमार महतो उपस्थित रहे।
बैठक में प्रखंड के सभी बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) एवं बीएलओ सुपरवाइजरों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची के अद्यतन,नए मतदाताओं के नाम जोड़ने,मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने,त्रुटियों के सुधार तथा घर-घर सत्यापन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए एसडीओ ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती का आधार शुद्ध एवं अद्यतन मतदाता सूची है। इसलिए विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्वाचन प्रक्रिया का अत्यंत महत्वपूर्ण चरण है। उन्होंने कहा कि सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा, निष्पक्षता और पारदर्शिता के साथ करें ताकि पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो सके और किसी योग्य मतदाता का नाम छूटने न पाए।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए घर-घर सत्यापन कार्य को गंभीरता से संपन्न किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता को गंभीरता से लिया जाएगा। साथ ही उन्होंने मतदाताओं के बीच जागरूकता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक पात्र युवाओं को मतदाता सूची से जोड़ने पर भी बल दिया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे बीडीओ सह सीओ विपिन कुमार भारती ने कहा कि निर्वाचन कार्य लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसमें लगे सभी कर्मियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि मतदाता सूची को त्रुटिरहित एवं अद्यतन बनाने के लिए पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य किया जाए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण में अनुपस्थित रहने वाले बीएलओ एवं सुपरवाइजरों की सूची जिला स्तर पर भेजी जाएगी। इसलिए सभी संबंधित कर्मियों की उपस्थिति अनिवार्य है। निर्वाचन कार्य की संवेदनशीलता और महत्व को देखते हुए प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मी को अपने दायित्वों का गंभीरतापूर्वक निर्वहन करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में उपस्थित बीएलओ एवं सुपरवाइजरों ने निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुरूप कार्य करने तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण से जुड़े विभिन्न तकनीकी एवं व्यावहारिक पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा प्रतिभागियों की शंकाओं का समाधान किया गया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी चुनावी प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
*रिपोर्टर मो0 साजिद*
