
कान्हाचट्टी/चतरा: मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को राजपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंचलाधिकारी (सीओ) मनोज गोप ने की। बैठक में थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने बताया कि 26 जून को क्षेत्र के विभिन्न गांवों में ताजिया जुलूस निकाला जाएगा। सभी जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग से ही संचालित किए जाएंगे तथा विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहेगा। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के भ्रामक एवं अपुष्ट संदेशों के प्रसार से बचने तथा अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की। सीओ मनोज गोप ने सभी समुदायों के लोगों से आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ पर्व मनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की समस्या या सूचना मिलने पर तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। बैठक में कान्हाचट्टी प्रमुख इंदु कुमारी, एसआई गौकरण सिंह, संदीप वर्मा, सतीश सिंह, आफताब हुसैन, सोनू खान, छोटू खान, सद्दाम सहित विभिन्न समुदायों के गणमान्य लोग उपस्थित थे।
