
Chatra : लावालौंग प्रखण्ड में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर अनुसूचित जनजाति आवासीय उच्च विद्यालय एवं कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शनिवार को योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्रखंड विकास पदाधिकारी विपिन भारतीय एवं स्कूल के प्रधानाध्यापक अवधेश कुमार तथा कस्तूरबा विद्यालय में विद्यायल के वार्डन अनीता कुमारी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।कार्यक्रम की शुरुआत योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए की गई। इस दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय कर्मियों ने सामूहिक रूप से विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों एवं शिक्षकों ने छात्रों को नियमित योग करने के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि योग न केवल शरीर को स्वस्थ रखता है, बल्कि मानसिक तनाव को भी कम करता है और एकाग्रता बढ़ाने में सहायक होता है।बीडीओ विपिन भारतीय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरी दुनिया अपना रही है। उन्होंने सभी से अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करने का आह्वान किया तथा कहा कि स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मन के लिए योग सबसे प्रभावी माध्यम है।कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डन ने भी छात्राओं को योग के प्रति जागरूक करते हुए नियमित अभ्यास की सलाह दी। उन्होंने कहा कि योग से शारीरिक क्षमता, आत्मविश्वास और मानसिक संतुलन में वृद्धि होती है, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मदद मिलती है।कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। विद्यार्थियों ने पूरे मनोयोग से योगाभ्यास में भाग लिया और योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया।इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मीगण एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन स्वस्थ एवं निरोगी जीवन के संदेश के साथ किया गया।
रिपोर्टर मो0 साजिद
