
चतरा जिला दंडाधिकारी-सह-उपायुक्त रवि आनंद ने प्रतापपुर प्रखंड भ्रमण के क्रम में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, प्रतापपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, आईसीटी क्लास रुम, छात्रावास, भोजनालय, स्वच्छता व्यवस्था तथा छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया। उपायुक्त ने विद्यालय परिसर का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को विद्यालय एवं छात्रावास परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण छात्राओं के बेहतर शैक्षणिक एवं सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है।निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने आईसीटी क्लास रुम का अवलोकन कर डिजिटल माध्यम से संचालित पठन-पाठन व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने छात्राओं के बीच बैठकर उनसे आत्मीय संवाद किया तथा उनकी पढ़ाई-लिखाई, विषयगत रुचि, शैक्षणिक उपलब्धियों एवं भविष्य की योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। छात्राओं से बातचीत के दौरान उन्होंने उन्हें मन लगाकर पढ़ाई करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने तथा कठिन परिश्रम एवं आत्मविश्वास के बल पर जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षा ही जीवन में सफलता का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि ग्रामीण परिवेश से आने वाली छात्राएं भी अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर उच्च मुकाम हासिल कर सकती हैं। उन्होंने छात्राओं को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने का संदेश दिया। इस अवसर पर उपायुक्त ने विद्यालय प्रबंधन से छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की तथा आवश्यक संसाधनों एवं व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सुरक्षित, अनुशासित एवं प्रेरणादायक वातावरण उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है।निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी चतरा जाहूर आलम, जिला शिक्षा पदाधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी शकील अहमद, प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी प्रतापपुर सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
