
चतरा जिला के गिद्धौर प्रखंड मुख्यालय स्थित गंगा स्मारक +2 उच्च विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक प्रेरक प्रभात फेरी निकाली और निषिद्ध मादक पदार्थों के विरुद्ध जनजागरूकता फैलाकर साफ संदेश दिया — नशा नास है।
फेरी का नेतृत्व सीओ अनंत सयनम विश्वकर्मा, विधायक प्रतिनिधि व भाजपा जिला उपाध्यक्ष कपिल कुमार, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार कुशवाहा और थाना प्रभारी पुरूषोतम अग्निहोत्री व एनडीपीएस थाना प्रभारी शम्मी अंसारी ने किया। विद्यालय प्रांगण से शुरू हुई यह रैली मुख्य चौक, ब्लॉक मोड़, पांडेय टोला व ठाकुरवाड़ी टोला होते हुए वापस स्कूल परिसर में समाप्त हुई।
हाथों में तख्तियां थामे छात्र-छात्राओं ने “जीवन से नशा को करें दरकिनार”, “खुश रहेगा घर-परिवार” और “स्वास्थ्य और सुंदर जीवन पाएं” जैसे नारों के साथ लोगों से नशा छोड़ने का अनुरोध किया। कार्यक्रम में सभी छात्रों ने नशामुक्ति की शपथ भी ली। प्रभात फेरी के बाद जिला पुलिस लाइन के जवानों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए अफीम की खेती और ब्राउन शुगर के सेवन व व्यापार से होने वाले खतरों पर सहज भाषा में प्रकाश डाला। नाटक में अफीम की खेती छोड़ने और अवैध व्यापार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी गई।
विद्यालय के प्रधानाध्यापक डॉ. कृष्ण कुमार टिंकू, डॉ. राजीव दास, गेंदों रवि दास, संतोष सेठ और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी छात्र-छात्राओं के उत्साह और पहल की सराहना की।
