
चतरा। चतरा के पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के सिरकोल गांव से 2 किलो 567 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर मनीष मुण्डा
को गिरफ्तार कर लिया। आज कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि सोमवार को सूचना मिली थी कि पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के सिरकौल गांव स्थित सड़क से होते हुए कुछ लोग अवैध मादक पदार्थ की बिक्री करने हेतु गिद्धौर की ओर जा रहे है। उन्होंने बताया कि सूचना पर त्वरीत कार्रवाई करते हुए सिमरिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में एक छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल ने थाना अन्तर्गत सिरकोल गांव जाने वाली पक्की सड़क के मोड के पास से मनीष मुण्डा (28 वर्ष) को 2 किलो 567 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार तस्कर थाना क्षेत्र के खैरा, बड़कीटॉड़ का रहनेवाला है। तस्कर के पास से एक मोबाईल और एक मोटरसाइकिल को भी जप्त किया गया है। पुलिस अधीक्षक श्री नैथानी ने बताया कि बरामद अफीम की कीमत 15 से 20 लाख रु आंकी गई है। इस सम्बंध में पत्थलगड्डा थाना कांड संख्या-44/2026, दिनांक-15.06.2026, धारा-17 (सी) 18 (सी) 21 (सी)/25/27/28/29 एनडीपीएस एक्ट दर्ज कर गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
