
कान्हाचट्टी/चतरा: नशा मुक्त भारत अभियान के तहत राजपुर थाना पुलिस द्वारा पोलपोल गांव में नशा एवं अवैध अफीम खेती के विरुद्ध जागरूकता अभियान चलाया गया। थाना प्रभारी रूपेश कुमार के निर्देश पर आयोजित इस अभियान में एएसआई दिनेश कुमार पांडे एवं राजपुर थाना के सशस्त्र जवान शामिल रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों को अफीम की खेती और उसके सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक तथा कानूनी दुष्परिणामों की विस्तृत जानकारी दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अफीम की अवैध खेती कानूनन अपराध है और इसमें संलिप्त पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाती है।
एएसआई दिनेश कुमार पांडे ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे अफीम की खेती से दूर रहें तथा कहीं भी इसकी अवैध खेती की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि नशामुक्त एवं स्वस्थ समाज के निर्माण में आम जनता की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। अभियान के दौरान ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश दिया गया। पुलिस ने लोगों से नशे के खिलाफ जागरूक रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
कान्हाचट्टी संवाददाता : नितेश कुमार सिंह
