
चतरा। पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना आधार पर लावालौंग थाना क्षेत्र के हरदीपुर गांव के जोरदाग में पुलिस ने छापामारी कर अफीम तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कार्रवाई में एक झाड़ी से 80 किलोग्राम अफीम डोडा बरामद किया गया। इस आशय की जानकारी देते हुए डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि बीते 31 मई को सूचना मिली थी कि चंदन यादव पिता बिनोद यादव के द्वारा गाँव के झाडी में भारी मात्रा में डोडा छुपाकर रखा गया है। उन्होंने बताया कि डोडा को लेने के लिए पंजाब राज्य की तरफ के जायलो गाड़ी से एक व्यापारी आया है। सूचना का सत्यापन एवं कार्रवाई हेतु सिमरिया के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शुभम भाऊसाहब के आदेशानुसार एक छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम हरदीपुर के टोला जोरदाग में छापामारी किया गया। छापामारी के क्रम में गांव के झाडी के पास से करीब 80 किलो ग्राम डोडा बरामद किया गया। वहीं जायलो गाड़ी का चालक एवं संलिप्त व्यापारी भागने में सफल रहे। उन्होंने बताया कि बरामद अफीम डोडा का अनुमानित मूल्य 10 लाख रु है।इस संबंध में लावालौंग थाना कांड सं0- 36/26, दि०- 01.06.2026 धारा 15 (सी)/18(बी) एनडीपीएस एक्ट दर्ज किया गया है।छापामारी दल में
पुअनि सह थाना प्रभारी चंदन कुमार, लावालौंग थाना एवं लावालौंग थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
