
चतरा. इटखोरी पुलिस ने छापामारी अभियान चला कर भुरकुंडा जंगल स्थित मैदान से 30.31 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार तस्कर अशोक पासवान (पिता सरयू पासवान) गिद्धौर थाना क्षेत्र के मायाडीह गांव का रहने वाला है. तस्कर के पास से ब्राउन शुगर के अलावा एक मोबाईल जब्त किया गया. यह जानकारी डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह ने गुरुवार को इटखोरी थाना परिसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी. उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को सूचना मिली थी कि भुरकुंडा जंगल के मैदान में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री की जा रही है, सूचना के आधार पर छापामारी टीम का गठन किया गया. टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जंगल के मैदान में पहुंचकर घेराबंदी की. पुलिस को देखते ही एक युवक भागने लगा, जिसे जवानों ने खदेड़कर पकड़ लिया. तलाशी के दौरान उसके पास से काले रंग के प्लास्टिक में रखा 30.31 ग्राम ब्राउन शुगर व एक मोबाइल जब्त किया गया. इस संबंध में इटखोरी थाना कांड संख्या 68/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट का मामला दर्ज उसे जेल भेज दिया गया. साथ ही इस नेटवर्क में शामिल अन्य तस्करों की गिरफ्तारी को लेकर अभियान चलाया जा रहा है. छापामारी टीम में डीएसपी मुख्यालय सुनील कुमार सिंह, इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह, एएसआई राजेश राम के अलावा हवलदार भगवान गौंड, आरक्षी प्रेम कुमार तिवारी, दिनकर कुमार दास व चालक आरक्षी रविकांत सिंह शामिल थे.
