
Chatra : कान्हाचट्टी प्रखंड में आगामी बकरीद पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न पंचायतों के गणमान्य लोगों ने भाग लिया। अधिकारियों ने सभी समुदायों से आपसी भाईचारे एवं शांति बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की।
थाना प्रभारी रूपेश कुमार ने कहा कि किसी भी प्रकार की सोशल मीडिया पोस्ट या संदेश को बिना जांच-परख के फॉरवर्ड न करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रामक एवं आपत्तिजनक संदेशों को आगे बढ़ाना भी अपराध की श्रेणी में आता है और ऐसे लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला स्तर से टेक्निकल टीम भी सक्रिय है और सोशल मीडिया पर नजर रखी जा रही है। बैठक में प्रतिबंधित मांस से बचने का निर्देश दिया गया। साथ ही मस्जिदों के पास स्ट्रेटेजिक फोर्स तैनात करने की जानकारी दी गई। प्रशासन की ओर से मस्जिद एवं मंदिर समिति को सीसीटीवी कैमरा लगाने की सलाह भी दी गई, ताकि किसी भी अप्रिय घटना पर नजर रखी जा सके।
अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या बुरी हलचल की सूचना तुरंत थाना को दें और खुद से मामले को संभालने की कोशिश न करें। सीओ मनोज गोप ने सभी उपस्थित लोगों का अभिनंदन करते हुए कहा कि कान्हाचट्टी प्रखंड का इतिहास सौहार्दपूर्ण रहा है और हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी शांतिपूर्ण माहौल में पर्व मनाया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि नमाज शांतिपूर्ण तरीके से अदा करने के बाद लोग अपने घरों के अंदर ही कुर्बानी की रस्म पूरी करेंगे। वहीं मीट दुकानदारों को निर्देश दिया गया कि दुकान से निकलने वाले सभी वेस्ट मैटेरियल को दुकान के अंदर ही सुरक्षित रखें और साफ-सफाई का विशेष ध्यान दें।
उपस्थित गणमान्य लोगों ने प्रशासनिक पहल की सराहना करते हुए शांति एवं सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया। बैठक में कान्हाचट्टी के सीओ मनोज गोप, बीडीओ सुनील प्रकाश, थाना प्रभारी रूपेश कुमार, एसआई डीके पांडे, गौकरण कुमार, जमरी मुखिया, विनय सिन्हा सहित विभिन्न पंचायतों के लोग उपस्थित रहे।
कान्हाचट्टी संवादाता नितेश कुमार सिंह
