
Chatra : विश्व डेंगू दिवस पर लोगों को दिया साफ-सफाई और सतर्कता का संदेश
विश्व डेंगू दिवस के अवसर पर शुक्रवार को चतरा में जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरी। इस दौरान “घर के आसपास पानी जमा न होने दें”, “साफ-सफाई रखें, डेंगू भगाएं” और “मच्छरों से बचाव ही सुरक्षा है” जैसे संदेश दिए गए। बच्चों ने लोगों से कूलर, गमले और पुराने टायरों में जमा पानी को नियमित रूप से साफ करने की अपील की। स्वास्थ्य विभाग के उपाधीक्षक डॉक्टर पंकज कुमार ने बताया कि डेंगू मच्छर साफ पानी में पनपता है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी बीमारी को बढ़ावा दे सकती है। लोगों को पूरी बांह के कपड़े पहनने, मच्छरदानी का उपयोग करने और तेज बुखार होने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी गई।
रैली में शिक्षक, स्वास्थ्यकर्मी और स्थानीय लोग भी शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को डेंगू के प्रति जागरूक कर बीमारी की रोकथाम करना था।
संवाददाता ,प्रवीण कुमार सिंह
