
चतरा : सिमरिया में अनुमंडल पदाधिकारी सह चतरा डीटीओ महेश्वरी यादव ने गुरुवार को आधी रात ताबड़तोड़ वाहन जांच अभियान चलाकर सड़क पर नियम तोड़ने वालों की नींद उड़ा दी। SLD, ओवरलोड, DL समेत कई बिंदुओं पर हुई सख्त जांच में कुल 2 लाख 65 हजार का जुर्माना वसूला गया। वहीं नियम तोड़कर चलने वाले कोयला वाहनों पर भी कड़ी कार्रवाई की गई। डीटीओ की लगातार कार्रवाई से अब लापरवाह वाहन चालकों में डर साफ दिखने लगा है। सड़क हादसों में जा रही बेगुनाह लोगों की जान को देखते हुए डीटीओ ने साफ कहा – सड़क को मौत का खेल बनाने वालों को अब बख्शा नहीं जाएगा। वाहन चालकों से अपील की गई है कि गाड़ी चलाते समय हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल जरूर करें, ताकि सड़क हादसों में होने वाली मौतों को रोका जा सके। लगातार एक्शन मोड में दिख रहे डीटीओ महेश्वरी यादव की कार्रवाई की लोग जमकर तारीफ कर रहे हैं। सिमरिया में देर रात चले इस अभियान से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
