
चतरा: सिमरिया अनुमंडल पदाधिकारी माहेश्वरी यादव की पहल पर NTPC/CCL परियोजना से जुड़े ट्रांसपोर्टरों, महाप्रबंधकों एवं प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में सड़क सुरक्षा, वाहन चालकों की सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए। एसडीओ ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वाहन परिचालन में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में लंबी दूरी तय करने वाले वाहनों में दो चालक रखना अनिवार्य किया गया, ताकि लगातार ड्राइविंग से होने वाले हादसों पर रोक लगाई जा सके। साथ ही चालक की ड्यूटी अवधि, आराम का समय और ड्राइविंग लाइसेंस साथ रखने जैसे नियमों का सख्ती से पालन कराने का निर्देश दिया गया। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन एवं नशामुक्त वाहन संचालन पर भी विशेष जोर दिया गया। एसडीओ की इस सख्त लेकिन जनहितकारी पहल की क्षेत्र में खूब सराहना हो रही है। लोगों का कहना है कि इस तरह की सक्रियता से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी और वाहन चालकों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। प्रशासन की इस पहल को ट्रांसपोर्ट व्यवस्था में अनुशासन और जवाबदेही लाने की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
