
Chatra : लावालौंग प्रखंड अंतर्गत कटिया पंचायत के विभिन्न गांवों में पिछले कई महीनों से बिजली की समस्या झेल रहे ग्रामीणों के लिए राहत हुई है ,सिमरिया विधायक कुमार उज्जवल दास की विशेष अनुशंसा पर पंचायत के कटिया, टुनगुन और रत्नाग क्षेत्रों में 25-25 केवी के कुल चार नए ट्रांसफार्मर लगाए गए हैं। विदित हो कि कटिया पंचायत के इन गांवों में लंबे समय से ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण ग्रामीण भीषण गर्मी और अंधेरे में रहने को मजबूर थे। बिजली नहीं होने से खेती और बच्चों की पढ़ाई पर भी बुरा असर पड़ रहा था। ग्रामीणों ने अपनी इस व्यथा को भाजपा मंडल अध्यक्ष खगेश्वर साहू के समक्ष रखा था। समस्या की गंभीरता को देखते हुए मंडल अध्यक्ष खगेश्वर साहू ने तुरंत विधायक कुमार उज्जवल दास से संपर्क किया और वस्तुस्थिति से अवगत कराया। विधायक ने मामले को प्राथमिकता देते हुए विभाग को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके फलस्वरूप आज गांवों में नए ट्रांसफार्मर स्थापित कर बिजली आपूर्ति बहाल कर दी गई है। बिजली आने से उत्साहित ग्रामीणों ने विधायक कुमार उज्जवल दास और मंडल अध्यक्ष खगेश्वर साहू के प्रति आभार प्रकट करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। मौके पर ग्रामीणों ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से आज हमें इस समस्या से मुक्ति मिली है।
रिपोर्टर मो0 साजिद
