
चतरा के जोरी थाना क्षेत्र में आज सुबह रफ्तार का कहर देखने को मिला। काली मंदिर के समीप मॉर्निंग वॉक पर निकली एक 50 वर्षीय महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। घटना शुक्रवार अहले सुबह की है, जब जोरी निवासी प्रेम साव की माता अंजू देवी सड़क किनारे टहल रही थीं। इसी बीच एक अनियंत्रित ट्रक उन्हें रौंदते हुए तेजी से फरार हो गया। हादसे से गुस्साए ग्रामीणों ने गया-चतरा मुख्य पथ को पूरी तरह जाम कर दिया है। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं। आक्रोशित ग्रामीण मृतक के परिजनों के लिए मुआवजे और फरार ट्रक चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि जनप्रतिनिधि केवल सांत्वना देने आते हैं, सड़क सुरक्षा की समस्याओं पर कोई ठोस कदम नहीं उठाते। मौके पर पहुँची जोरी थाना पुलिस फिलहाल लोगों को समझाने और स्थिति को नियंत्रण में करने का प्रयास कर रही है।
संवाददाता ,प्रवीण कुमार सिंह
