
चतरा। राजाटांड़ से कोलेश्वरी मंदिर के सुनसान रास्ते पर शाम ढलते ही गिद्धौर पुलिस को मिली बड़ी सफलता। गश्त के दौरान संदिग्ध बाइक सवारों को देखते ही टीम ने घेराबंदी की। भागने की कोशिश की, लेकिन जवान पीछा कर पकड़ लिए। तलाशी में 27 ग्राम ब्राउन शुगर, तीन बाइक और छह मोबाइल बरामद।
गिरफ्तार तस्कर हैं—सिमरिया के पुंडरा गांव के सक्षम कुमार पांडेय उर्फ बादशाह (संजय पांडेय का पुत्र), राजा बाबु उर्फ राजा (महेंद्र प्रसाद का पुत्र), सोहरकला के दिनेश कुमार उर्फ रफ्तार (शंभू साव का पुत्र), टंडवा के बाजारटांड़ के मो. शाहबाज उर्फ मोनू (मो. कलीम का पुत्र) और गिद्धौर के सुनील कुमार (महेंद्र दांगी का पुत्र)। सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भउसाहेब ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि ये सभी ब्राउन शुगर की खरीद-फरोख्त में सक्रिय थे।
खास बात—दिनेश के खिलाफ मयूरहंड, टंडवा, सिमरिया, भुरकुंडा व चौपारण में आर्म्स एक्ट, पोक्सो, चोरी समेत 6 केस। सुनील पर गिद्धौर व सिमरिया में एनडीपीएस व आईटी एक्ट के 4 मुकदमे। गिद्धौर थाने में 53/26 के तहत एनडीपीएस एक्ट का केस दर्ज कर सभी को जेल भेजा गया।
छापेमारी में एसडीपीओ, थाना प्रभारी पुरूषोत्तम अग्निहोत्री, एएसआई महेंद्र ठाकुर, एसपी कार्यालय की तकनीकी शाखा व जवान शामिल रहे। यह कार्रवाई नशे के सौदागरों को सबक सिखाने वाली है।
