
चतरा : एसपी के निर्देश पर चतरा जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चलाए जा रहे अभियान के दौरान अफीम तस्करों के विरुद्ध पुलिस को निरंतर सफलताएं मिल रही है। लावालौंग थाना पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 24 लाख रुपए के अफीम के अवैध खेप को जप्त किया है। समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाउसाहब ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी की लावालौंग थाना क्षेत्र के सलमा गांव के बाराटुंगरी टोला निवासी जतन गंझु और बालेश्वर गंझु द्वारा अपने-अपने घरों में अवैध रूप से बड़े पैमाने पर अवैध अफीम और डोडा संग्रहित कर रखा गया है। उन्होंने बताया कि सूचना के सत्यापन के बाद सिमरिया एसडीपीओ के नेतृत्व में लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार और सशस्त्र बल के जवानों की संयुक्त टीम बनाकर अभियान चलाने का निर्देश प्राप्त हुआ था। इसके बाद टीम नें प्रोफेशनल तरीके से कार्रवाई करते हुए बाराटुंगरी में छापामारी कर दो किलो 329 ग्राम अवैध अफीम, 85 किलो 870 किलो डोडा और 29 किलो 320 ग्राम पोस्ता दाना जप्त किया है। एसडीपीओ नें बताया कि अभियान के दौरान पुलिसिया कार्रवाई की सूचना पाकर तस्कर मौके से भागने में सफल रहे थे, जिनकी गिरफ्तारी को लेकर सभी संभावित ठिकानों पर सघन छापामारी अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही सभी फरार तस्करों और इसमें संलिप्त माफियाओं को चिन्हित कर गिरफ्तार कर जेल भेज दिया जाएगा। सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि इलाके में किसी भी सूरत में तस्करों और माफिया को पनपने नहीं दिया जाएगा। उन्होंने आम लोगों से भी तस्करों के गतिविधि की सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
