
Chatra : लावालौंग थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध अफीम के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.350 किलोग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अफीम तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।थाना प्रभारी चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सिलदाग की ओर से बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार एक व्यक्ति अवैध अफीम लेकर लावालौंग की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शुभम खंडेलवाल के नेतृत्व में छापेमारी टीम का गठन किया गया।निर्देश के आलोक में पुलिस टीम ने देव टेवना के समीप बिना नंबर प्लेट की एक बाइक आती दिखी, जिसे रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बाइक सवार के पास से 2.350 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद की गई। इसके अलावा 17,050 रुपये नगद और वीवो कंपनी का एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान भिखारी गंझू, पिता स्व. गेंदा गंझू, निवासी हूटरु के रूप में की गई है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। छापेमारी दल में सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शुभम खंडेलवाल, लावालौंग थाना प्रभारी चंदन कुमार तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
रिपोर्टर मो0 साजिद
