
चतरा जिले में अवैध शराब के काले कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। कुंदा थाना क्षेत्र के बरवाडीह जंगल में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध महुआ शराब की भट्टी को ध्वस्त कर दिया है। प्रशासन की इस सक्रियता से शराब माफियाओं में हड़कंप मच गया है।उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर बरवाडीह गांव के समीप घने जंगल में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 200 लीटर तैयार शराब और 1000 किलो महुआ जावा बरामद किया गया, जिसे टीम ने तुरंत नष्ट कर दिया। शराब बनाने के उपकरणों को भी मौके पर ही तोड़ दिया गया। हालांकि, कार्रवाई की भनक लगते ही कारोबारी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गए। उत्पाद विभाग के सब-इंस्पेक्टर आशीष पांडेय ने बताया कि फरार आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट संदेश दिया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।
संवाददाता,प्रवीण कुमार सिंह
