
चतरा : जिले में चल रही होमगार्ड नियुक्ति प्रक्रिया को लेकर धांधली के आरोपों के बीच जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाना शुरू कर दिया है। इस संबंध में अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने स्पष्ट किया है कि पूरी बहाली प्रक्रिया वरीय अधिकारियों के निर्देश और निगरानी में पारदर्शी तरीके से संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि चयन के हर चरण में निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे। अपर समाहर्ता ने अभ्यर्थियों, उनके परिजनों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे नियुक्ति प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें। उन्होंने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व जानबूझकर भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जिससे अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति उत्पन्न हो रही है। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि पूरी प्रक्रिया पूरी तरह से नियमों के अनुरूप और पारदर्शी ढंग से पूरी की जाएगी। अपर समाहर्ता अरविंद कुमार ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि कोई व्यक्ति होमगार्ड में नियुक्ति दिलाने के नाम पर पैसे की मांग करता है, तो अभ्यर्थी उसके झांसे में बिल्कुल न आएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसी किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत जिला प्रशासन को दें, ताकि संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि उपायुक्त कीर्ति श्री जी, पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल सहित जिला प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी लगातार पूरी प्रक्रिया की निगरानी कर रहे हैं। इसके साथ ही डीएसपी, एसडीपीओ व होमगार्ड के समादेष्टा भी चयन प्रक्रिया पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन ने यह भी साफ कर दिया है कि जो लोग जानबूझकर धांधली या पैसे के लेन-देन से जुड़ी अफवाहें फैला रहे हैं, उन्हें चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में अभ्यर्थियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत प्रशासन तक पहुंचाने की सलाह दी गई है।
