
Chatra : लावालौंग थाना क्षेत्र के लमटा गांव में शुक्रवार को एक युवक को सांप ने काट लिया,जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। उक्त विषय की जानकारी देते हुए समाज सेवी मंटू कुमार ने बताया कि लमटा गांव निवासी सुनील पासवान का सत्रह वर्षीय पुत्र सत्यम पासवान अपने घर के पीछे खेत में गेहूं की कटी फसल को उठाने गया था।इस दौरान फसल की ढेर के नीचे छुपे एक बेहरा जाड़ा सांप ने उसे काट लिया।घटना के बाद सांप पास ही स्थित एक बिल में घुस गया। परिजनों ने तत्परता दिखाते हुए घायल सत्यम को तुरंत सदर अस्पताल चतरा में भर्ती कराया। यहां देर रात तक इलाज चलने के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया।वर्तमान में युवक की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है। इस बावत बीडीओ सह सीओ विपिन कुमार भारती एवं थाना प्रभारी प्रशांत कुमार मिश्रा ने लोगों से अपील करते हुए कहा है कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए लोगों को जागरूक रहने की आवश्यकता है।खेतों या झाड़ियों में काम करते समय सावधानी बरतें और सांप दिखने पर तुरंत दूरी बनाएं।परिजनों में घटना को लेकर चिंता का माहौल है,वहीं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में सांपों के बढ़ते खतरे को देखते हुए जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।
रिपोर्टर मो0 साजिद
