
Chatra : लावालौंग प्रखंड स्थित मॉडल विद्यालय में कक्षा 6 में नामांकन के लिए प्रवेश परीक्षा का आयोजन किया गया। इस परीक्षा को लेकर क्षेत्र में काफी उत्साह देखा गया। जानकारी के अनुसार कुल 285 बच्चों ने आवेदन किया था, जिनमें से 126 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए।विद्यालय में इस वर्ष कक्षा 6 में कुल 40 सीटों पर नामांकन होना है, जिसके लिए यह प्रवेश परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुई। परीक्षा के दौरान दंडाधिकारी के रूप में बीपीओ श्री ईश्वर राम उपस्थित रहे और पूरी प्रक्रिया की निगरानी की।हालांकि, विद्यालय की स्थिति को लेकर कई सवाल भी उठ रहे हैं। भवन निर्माण कार्य पूरा हो चुका है और इसे आवासीय विद्यालय के रूप में संचालित करने की योजना है, लेकिन नियमित शिक्षकों की भारी कमी के कारण पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वर्तमान में विद्यालय डेपुटेशन पर आए शिक्षकों के भरोसे संचालित हो रहा है, जिससे शैक्षणिक गुणवत्ता पर असर पड़ रहा है।स्थानीय अभिभावकों और ग्रामीणों का कहना है कि जब सरकार ने मॉडल स्कूल का निर्माण कराया है, तो उसमें पर्याप्त संख्या में स्थायी शिक्षकों की नियुक्ति भी होनी चाहिए, ताकि बच्चों को बेहतर शिक्षा मिल सके।अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस दिशा में क्या कदम उठाता है और कब तक विद्यालय में नियमित शिक्षकों की नियुक्ति कर शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाता है।
रिपोर्टर मो0 साजिद
