
Chatra : लावालौंग प्रखंड में आगामी रामनवमी पर्व को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। इसी कड़ी में थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा का भरोसा दिलाना और असामाजिक तत्वों को सख्त संदेश देना रहा। फ्लैग मार्च थाना परिसर से शुरू होकर मुख्य बाजार, लावालौंग चौक, लमटा चौक तथा आसपास क्षेत्रों में, कोलकोले पिकेट से चुकरु बाजार टांड व अन्य कई क्षेत्रों के अलावा
संवेदनशील इलाकों में निकाला गया। इस दौरान पुलिस के जवानों ने गश्त करते हुए लोगों से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की।थाना प्रभारी प्रशांत मिश्रा ने बताया कि रामनवमी के दौरान पूरे थाना क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और हर गतिविधि पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर विशेष रूप से अतिरिक्त बल तैनात रहेगा।उन्होंने आगे बताया कि इस बार सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए ड्रोन कैमरे के माध्यम से भी निगरानी की जाएगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई संभव हो सके। साथ ही सादे लिबास में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे।
फ्लैग मार्च के दौरान एसआई वाजिद अली , विधायक कुमार ए एसआई सुधीर कुमार , वीरेंद्र महतो सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि अफवाहों से दूर रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।प्रशासन के इस पहल से क्षेत्र में सुरक्षा को लेकर लोगों का विश्वास मजबूत हुआ है और शांतिपूर्ण ढंग से रामनवमी मनाने की उम्मीद जताई जा रही है।
रिपोर्टर मो0 साजिद
