
Chatra : पीएम श्री योजना के अंतर्गत जिला स्तरीय उन्मुखीकरण सह FLN (Foundational Literacy and Numeracy) मेला का भव्य आयोजन District CM School of Excellence, Chatra में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ उपायुक्त कीर्तिश्री जी एवं उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) का सशक्तिकरण एवं उन्मुखीकरण, सहकर्मी अधिगम को बढ़ावा देना तथा विद्यार्थियों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना था। कार्यक्रम में सिमरिया विधायक उज्ज्वल कुमार दास, चतरा विधायक जनार्दन पासवान, सांसद प्रतिनिधि प्रफुल रंजन, विधायक प्रतिनिधि मिथिलेश सिंह, चतरा नगर परिषद अध्यक्ष अताउर रहमान उर्फ बाबू भाई, जिला परिषद उपाध्यक्ष बृजकिशोर तिवारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी (DEO) दिनेश कुमार मिश्रा, जिला शिक्षा अधीक्षक, एडीपीओ राकेश कुमार पांडे सहित कई गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का सफल संचालन एवं उद्घोषणा राष्ट्रपति पुरस्कार से सम्मानित शिक्षक मोहम्मद इजाज़ुल हक द्वारा किया गया। इस अवसर पर SMC सदस्यों के लिए एक दिवसीय उन्मुखीकरण सत्र आयोजित किया गया, जिसमें उनके दायित्वों एवं भूमिकाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान मोहम्मद इजाजुल हक ने पीएम श्री योजना के छह प्रमुख स्तंभों की जानकारी पीपीटी के माध्यम से प्रस्तुत की। सिमरिया विधायक श्री उज्ज्वल कुमार दास ने “पढ़ेगा चतरा, बढ़ेगा झारखंड और भारत” का प्रेरणादायक नारा दिया, वहीं चतरा विधायक श्री जनार्दन पासवान ने अपने संबोधन में कहा कि “शिक्षा ही वह सशक्त माध्यम है, जिससे समाज एवं देश का परिवर्तन संभव है।उपायुक्त कीर्तिश्री जी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रत्येक बच्चे में अपार संभावनाएं निहित होती हैं, आवश्यकता है विद्यालय एवं परिवार में ऐसा सकारात्मक वातावरण तैयार करने की, जिससे उनकी प्रतिभा निखर सके। उन्होंने यह भी कहा कि पीएम श्री विद्यालयों को सभी आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित किया जाएगा, ताकि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित हो सके। कार्यक्रम में 14 पीएम श्री विद्यालयों द्वारा आकर्षक स्टॉल लगाए गए, जिनमें FLN से संबंधित शिक्षण-अधिगम सामग्री (TLM) का प्रभावी प्रदर्शन किया गया। इन स्टॉलों के माध्यम से विद्यालयों के बीच उत्कृष्ट कार्यप्रणालियों का आदान-प्रदान हुआ, जिससे नवाचार एवं बेहतर शिक्षण पद्धतियों को बढ़ावा मिला। इस अवसर पर CSO पार्टनर उत्सव आनंद ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। साथ ही झारखंड शिक्षा परियोजना से जुड़े मनोज कुमार विश्वकर्मा, रोहित कुमार सहित अन्य कर्मियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन में सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में उपस्थित प्रतिभागियों ने आयोजन को अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन पर बल दिया।
