
लावालौंग प्रखंड क्षेत्र के बनवार गांव में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इस मामले में दोनों पक्षों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद कुल 17 नामजद अभियुक्तों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में भोला यादव,शिवपूजन यादव, आशीष यादव,रघुनंदन यादव एवं लोकेश कुमार शामिल हैं।पुलिस के अनुसार,इन सभी को छापामारी अभियान चलाकर पकड़ा गया है।हालांकि,गिरफ्तार अभियुक्तों के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।परिजनों का कहना है कि पुलिस ने गवाही के नाम पर दोनों पक्षों को थाना बुलाया और फिर उनके पक्ष के लोगों को ही हाजत में बंद कर दिया,जबकि दूसरे पक्ष के आरोपियों को बिना कार्रवाई के छोड़ दिया गया।परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों द्वारा अवैध रूप से पोस्ता की खेती की गई थी,जिसे पुलिस ने नष्ट कर दिया था।इसी बात से नाराज होकर दूसरे पक्ष के लोगों ने हमला किया और जान से मारने की धमकी दी।इस हमले में उनके पक्ष के कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए,जिनमें एक का हाथ टूटने की भी बात सामने आई है।इसके बावजूद परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने दूसरे पक्ष के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है।मामले को लेकर इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
रिपोर्टर मो0 साजिद
