
चतरा सदर प्रखंड के भेड़ीफार्म स्थित लक्षणपुर डैम में गुरुवार को हुए हादसे ने अंतत दुखद है एक परिवार का चिराग बुझा दिया। डैम के गहरे पानी में डूबे 22 वर्षीय युवक छोटू कुमार को घंटों की मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया था, लेकिन सदर अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक युवक कान्हाचट्टी प्रखंड की राजपुर पंचायत अंतर्गत बूढीगड्ढा निवासी धनेश्वर दांगी का पुत्र था। बता दें कि जब गोताखोरों ने युवक को पानी से बाहर निकाला, तब उसकी हल्की सांसें चलने की सूचना से परिजनों में उम्मीद जगी थी। आनन-फानन में पुलिस और ग्रामीणों के सहयोग से उसे सदर अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में मौजूद चिकित्सा दल ने तुरंत जांच शुरू की, परंतु काफी देर तक पानी के अंदर रहने और फेफड़ों में अत्यधिक पानी भर जाने के कारण उसे बचाया नहीं जा सका। डॉक्टरों के मृत घोषित करते ही अस्पताल परिसर चीत्कारों से गूंज उठा।वहीं युवक की मौत की खबर जैसे ही उसके पैतृक गांव बूढीगड्ढा पहुंची, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि छोटू अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था,पर किसे पता था कि यह उसका आखिरी सफर साबित होगा।
