
Chatra : नगर परिषद (आम) निर्वाचन–2026 के अंतर्गत नाम-निर्देशन की प्रक्रिया दिनांक 29 जनवरी 2026 से 4 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन पूर्वाह्न 11:00 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराई गई। नामांकन की अंतिम तिथि तक नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कुल 22 प्रत्याशियों द्वारा 34 सेटों में नाम-निर्देशन पत्र दाखिल किए गए थे। संवीक्षा के उपरांत सभी प्रत्याशियों के नाम-निर्देशन पत्र वैध पाए गए। आज दिनांक 6 फरवरी 2026 को अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि तक अध्यक्ष पद से किसी भी प्रत्याशी द्वारा अपना नाम वापस नहीं लिया गया। इस प्रकार नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कुल 22 प्रत्याशी चुनाव मैदान में बने हुए हैं। वहीं, नगर परिषद क्षेत्र के 22 वार्डों में वार्ड सदस्य पद के लिए कुल 91 प्रत्याशियों द्वारा अपने-अपने नाम-निर्देशन पत्र निर्वाची पदाधिकारी के समक्ष दाखिल किए गए थे। संवीक्षा के दौरान वार्ड संख्या 11 की प्रत्याशी कुमारी विनीता का नाम-निर्देशन पत्र त्रुटि पाए जाने के कारण अस्वीकृत कर दिया गया। इसके पश्चात आज नाम वापसी की अंतिम तिथि को वार्ड पार्षद पद से कुल 6 प्रत्याशियों ने अपना नाम वापस लिया, जिनमें वार्ड संख्या 03 से मोहम्मद शमीम अख्तर, वार्ड संख्या 08 से हीरामन साव, वार्ड संख्या 14 से रोकसार प्रवीण एवं अनीशा खातून, वार्ड संख्या 19 से अब्दुल गफ्फार तथा वार्ड संख्या 20 से इशरत खातून शामिल हैं। नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात वार्ड पार्षद पद के लिए कुल 84 प्रत्याशी चुनाव मैदान में शेष रह गए हैं। नगर परिषद क्षेत्र में कुल 35,562 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 17,525 पुरुष तथा 18,037 महिला मतदाता शामिल हैं। निर्वाचन के सफल एवं सुचारु संचालन हेतु नगर परिषद क्षेत्र के 22 वार्डों में कुल 42 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं, जो 26 मतदान केंद्र भवनों में संचालित होंगे। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन प्रतीकों का आवंटन 7 फरवरी 2026 को किया जाएगा। मतदान 23 फरवरी 2026, सोमवार को प्रातः 7:00 बजे से अपराह्न 5:00 बजे तक कराया जाएगा तथा मतगणना 27 फरवरी 2026, शुक्रवार को प्रातः 8:00 बजे से प्रारंभ होगी। मतदाता जिनके पास मतदाता पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है, वे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य 12 वैकल्पिक पहचान दस्तावेजों जैसे आधार कार्ड, पासपोर्ट, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, बैंक अथवा डाकघर पासबुक, मनरेगा जॉब कार्ड, स्वास्थ्य बीमा कार्ड, पेंशन संबंधी दस्तावेज आदि में से किसी एक के माध्यम से अपनी पहचान प्रमाणित कर मतदान कर सकते हैं। नगर परिषद अध्यक्ष एवं वार्ड पार्षदों का निर्वाचन गैर-दलीय आधार पर प्रत्यक्ष मतदान के माध्यम से संपन्न कराया जाएगा।
