
चतरा. चतरा नगर परिषद में चुनाव को लेकर मतदाताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है. इस बार 22 वार्डो में 42 मतदान केंद्र बनाया गया है, जहां कुल 34,266 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. नगर परिषद अध्यक्ष पद अनारक्षित (अन्य) श्रेणी के आरक्षित है. ऐसे में सभी वर्गों के उम्मीदवार चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा सकते हैं. 17,719 पुरुष मतदाता, 16,546 महिला मतदाता व 01 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। मतदाता सूची के अनुसार पुरुष और महिला मतदाताओं की संख्या लगभग बराबर है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि चुनावी परिणाम तय करने में महिलाओं की भूमिका भी अहम रहने वाली है. चुनाव को लेकर प्रशासन द्वारा मतदान केंद्र पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं. वहीं प्रत्याशी मतदाताओं को लुभाने में जुटे हुए हैं. कल यानि गुरूवार से नामांकन पर्चा दाखिल होना शुरू होगा. नामांकन को लेकर प्रत्याशी जुट गए हैं. आने वाले दिनों में चुनावी सरगर्मी और तेज होने वाली है.
