
Chatra : लावालौंग पंचायत सचिवालय में सोमवार को डिजिटल क्रॉप सर्वे को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।इस बैठक में प्रखंड क्षेत्र के सभी पंचायतों के कृषक मित्रों की उपस्थिति रही।बैठक में जिला स्तर से आए मास्टर ट्रेनर अमरेंद्र कुमार सिन्हा ने सभी कृषक मित्रों को डिजिटल क्रॉप सर्वे से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डिजिटल सर्वे ऐप के माध्यम से किसानों की फसल, बोआई क्षेत्र, फसल की स्थिति एवं अन्य आवश्यक जानकारियों को ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। इससे सरकार को वास्तविक और सटीक आंकड़े प्राप्त होंगे, जिसका लाभ सीधे किसानों तक पहुंच सकेगा। मास्टर ट्रेनर ने ऐप को डाउनलोड करने, लॉगिन प्रक्रिया, सर्वे करने के तरीके तथा डेटा अपलोड करने की पूरी प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया।वहीं बैठक में उपस्थित पंचायत सचिव रामानुज कुमार एटीएम चंद्रभूषण एवं विनय कुमार ने भी डिजिटल सर्वे के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कार्य पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ किया जाना आवश्यक है। एटीएम चंद्रभूषण ने सभी कृषक मित्रों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने पंचायत क्षेत्रों में डिजिटल ऐप के माध्यम से फसल सर्वे का कार्य समय पर पूरा करें। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लास्ट जनवरी माह तक हर हाल में डिजिटल क्रॉप सर्वे का कार्य पूर्ण कर लिया जाए।बैठक के दौरान कृषक मित्रों ने ऐप से संबंधित अपनी शंकाएं भी रखीं, जिनका समाधान मास्टर ट्रेनर द्वारा मौके पर ही किया गया।
रिपोर्टर मो0 साजिद
