
Chatra। कान्हाचट्टी प्रखंड में शुक्रवार को कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष दीपक सिंह ने प्रखंडव्यापी भ्रमण कर एक नया इतिहास रचा। उन्होंने प्रखंड के सभी कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं एवं पंचायत अध्यक्षों के आवासों पर पहुंचकर पार्टी का परचम गर्व से लहराया। इस अवसर पर कई नए सदस्यों को पार्टी के बड़े परिवार में शामिल किया गया, जिससे संगठन की जमीनी ताकत आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।प्रखंड अध्यक्ष दीपक सिंह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, “पार्टी ने मुझे जो महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है, उसे मैं पूर्ण ईमानदारी, निष्ठा और समर्पण के साथ निभा रहा हूं। जिला एवं राज्य नेतृत्व से प्राप्त दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए, मैं अपना बहुमूल्य समय भी समर्पित कर रहा हूं ताकि कांग्रेस को प्रखंड स्तर पर अटल मजबूती प्रदान की जा सके। आने वाले समय में ऐसे और सक्रिय प्रयास जारी रहेंगे।”यह भ्रमण न केवल पार्टी के आधार को मजबूत करने वाला कदम साबित हुआ, बल्कि कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार भी किया। भ्रमण के दौरान मंडल अध्यक्ष हेमराज साव, प्रखंड उपाध्यक्ष उदय रविदास, आदर्श कुमार दास, मोहम्मद सुजाद मियां सहित बड़ी संख्या में उत्साही कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने दीपक सिंह के नेतृत्व की सराहना की और पार्टी के उज्ज्वल भविष्य के प्रति आश्वस्ति व्यक्त की।
