
चतरा : जिले में पड़ रही कड़ाके की ठंड से आमजन बेहाल हैं। तापमान में लगातार गिरावट और शीतलहर के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए चतरा सांसद कालीचरण सिंह के पुत्र नीतीश कुमार ने बुधवार की देर शाम को चतरा सदर अस्पताल पहुँचकर मरीजों के बीच कंबल का वितरण किया। इस दौरान 50 से अधिक मरीजों को कंबल उपलब्ध कराए गए, जिससे मरीजों और उनके परिजनों ने राहत महसूस की। कंबल वितरण कार्यक्रम के दौरान सांसद पुत्र ने कहा कि जिले में ठंड का प्रभाव दिन-प्रतिदिन तेज होता जा रहा है। सर्द हवाओं की वजह से कपकपी बढ़ गई है और गरीब, असहाय तथा बेसहारा लोगों के लिए कंबल ही सबसे बड़ा सहारा है। उन्होंने कहा कि आवश्यकता पड़ने पर और भी कंबल उपलब्ध कराए जाएंगे, ताकि कोई भी व्यक्ति ठंड से प्रभावित न हो और किसी की जान पर बन न आए। सांसद पुत्र ने अस्पताल प्रबंधन को भी ठंड से बचाव के लिए पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मौके पर अस्पताल के चिकित्सक, कर्मचारी एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।
