
लातेहार : पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना के बाद लातेहार पुलिस ने तीन दिसंबर को विशेष छापामारी अभियान चलाकर दो कुख्यात उग्रवादी गिरफ्तार किए हैं। इनमें दो लाख रुपये के इनामी जेजेएमपी एरिया कमांडर सुनील उरांव उर्फ मंटू (35) और दूसरा एरिया कमांडर मुकेश लोहरा (28) शामिल हैं।गिरफ्तार उग्रवादी लातेहार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कई गंभीर अपराधों में शामिल थे, जिनमें हत्या, लूट, रंगदारी और आगजनी मुख्य हैं। दोनों लंबी अवधि से जेजेमपी संगठन के सक्रिय सदस्य थे और कई बार पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ों में संलिप्त पाए गए थे।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुनील उरांव के खिलाफ दो लाख का इनाम था, और उनकी गिरफ्तारी पुलिस के लिए बड़ी राहत और उग्रवाद विरोधी कार्रवाई में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध लातेहार, बालूमाथ, चंदवा सहित कई थानों में प्राथमिकी दर्ज हैं। आगे की पूछताछ में और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है।पुलिस ने लोगों से सहयोग जारी रखने की अपील की है ताकि क्षेत्र में शांति और सुरक्षा कायम की जा सके।
