
Chatra : जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटना के मद्देनजर चतरा पुलिस लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। इसी कड़ी में आज चतरा पुलिस ने नगर पर्षद क्षेत्र में बिना हेलमेट चलने वाले लोगों के बीच हेलमेट का वितरण किया। साथ ही यातायात नियमों से संबंधित बुक लेट भी बांटा गया है। साथ ही जागरूकता अभियान के तहत सुरक्षा के साथ सड़क पर चलने की सलाह दी गई। पत्रकारों से बात करते हुए चतरा एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि हाल के दिनों में सड़क दुर्घटनाएं बढ़ी है। लोग यातायात के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं।इसको लेकर चतरा पुलिस लगातार लोगों को नियमों का पालन करने का अनुरोध कर रही है। कहा कि देखा जाता है कि लोग वाहन को आड़ा तिरछा करके चलाते हैं।बिना हेलमेट चलना तो आम बात हो गई है। युवा काफी तेज रफ्तार वाहन चला रहे हैं। अपने वाहन में साइलेंसर मोडिफाइड करके चलाते हैं।इससे आम लोगों को परेशानी होती है। कहा कि इन्हीं सब बातों को देखते हुए चतरा पुलिस जागरूकता अभियान चला रही है। एक सवाल के जवाब में एसपी ने यातायात नियमों का हवाला देते हुए कहा कि वाहन चलाते समय सीट बेल्ट जरूर से लगाएं। उन्होंने नाबालिक बच्चों द्वारा वाहन चलाने के सवाल पर कहा कि यह अभिभावको की जवाबदेही है कि वाहन देने के पूर्व यह देख लें कि उसकी उम्र वैधानिक है या नहीं। कहा कि ऐसे अभिभावकों से पहले बॉन्ड लिखवाया जाएगा। इसपर भी बात नहीं बनी तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। गुड सर्वेटर के सवाल पर पूछा गया कि लोग किसी दुर्घटना में घायल को अस्पताल पहुंचाते हैं तो उन्हें पुलिस की ओर से परेशान किया जाता है। इसपर एसपी ने कहा कि ऐसा होने पर सबसे पहले घायल को अस्पताल पहुंचाए। आपकी यह पहल किसी की जान बचा सकती है। कहा कि पुलिस ऐसे सहयोगी लोगों को पुरस्कृत करेगी। अगर किन्ही को पुलिस की ओर से परेशानी झेलनी पड़ती है तो तत्काल इसकी शिकायत करें,संबंधित पुलिस पदाधिकारी पर कार्रवाई होगी।
