
Chatra : लंबे इंतजार के बाद बुधवार को लावालोंग प्रखंड क्षेत्र में विकास के लिहाज से एक महत्वपूर्ण दिन साबित हुआ, जब लोकसभा गठन के बाद पहली बार किसी सांसद ने प्रखंड क्षेत्र के सुदूर इलाकों का दौरा किया। सांसद ने टिकदा, ग्रहे, झरदाग, टिकुलिया, कटेली महुआ और मंधनिया दर्जनों दुर्गम गांवों में पहुंचकर ग्रामीणों की समस्याओं को नजदीक से समझा। इन क्षेत्रों में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल समेत कई बुनियादी सुविधाओं की कमी को ग्रामीणों ने विस्तार से बताया। ग्रामीणों की बात सुनने के बाद सांसद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि लावालौंग से शेष सड़क निर्माण कार्य को अगले तीन महीने के भीतर शुरू करा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की रीढ़ होती हैं, और इस दिशा में तेजी से काम करना उनकी प्राथमिकता है। सांसद ने यह भी वादा किया कि वे संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर क्षेत्र में आवश्यक योजनाओं को आगे बढ़ाएंगे, ताकि सुदूरवर्ती गांवों की समस्याओं का स्थायी समाधान मिल सके।
अपने दौरे के दौरान सांसद प्रखंड मुख्यालय के मुख्य चौक पर भी रुके, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने उनका स्वागत किया। कुछ देर स्थानीय लोगों से मिलकर और क्षेत्र की स्थिति का जायजा लेने के बाद वे टंडवा के लिए रवाना हो गए। सांसद के इस दौरे से स्थानीय निवासियों में उम्मीद की नई किरण जगी है कि अब लावालौंग के उपेक्षित गांवों में विकास कार्यों की गति तेज होगी और वर्षों से लंबित समस्याओं का समाधान संभव हो सकेगा। इस भ्रमण में भाजपा के वरिष्ठ कार्यकर्त्ता गोविन्द ठाकुर, विनय सिंह मुख्य रूप से सांसद के साथ दौरा में भाग लिए.
रिपोर्टर मो0 साजिद
