
चतरा सदर प्रखंड के ग्राम उंटा स्थित अस्पताल मैदान में क्रांति कृषक सेवा स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड के दसवें स्थापना दिवस समारोह का आयोजन धूमधाम से किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रजकिशोर तिवारी शामिल हुईं।कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद सदस्य सह कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रदेव गोप, मुखिया अनिता यादव, जिला सहकारिता पदाधिकारी लोकनाथ महतो तथा राजद (महिला प्रकोष्ठ) की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती रश्मि प्रकाश ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि ने कहा कि स्वावलंबी सहकारी समितियों का प्रमुख उद्देश्य किसानों और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना है। क्रांति कृषक सेवा सहकारी समिति इस दिशा में उत्कृष्ट कार्य कर रही है, जिससे स्थानीय किसानों को उन्नत तकनीक एवं उच्च गुणवत्ता वाले बीज उपलब्ध हो रहे हैं जिससे उत्पादन में वृद्धि हुई है। उन्होंने समिति के सभी सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि संस्था भविष्य में भी इसी तरह किसानों और महिलाओं को सशक्त बनाने में अपनी भूमिका निभाती रहे और राज्य के विकास में योगदान देती रहे।
