
चतरा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सांसद खेल महोत्सव 2025’ कार्यक्रम के तहत गुरुवार को चतरा बीएड कॉलेज सभागार में शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए प्रतिभागियों ने अपने खेल कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का आयोजन चतरा लोकसभा क्षेत्र के सांसद कालीचरण सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित चतरा विधायक जनार्दन पासवान ने विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी और प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया। विधायक पासवान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के ‘फिट इंडिया’ और ‘खेलो इंडिया’ जैसे अभियानों से देश के युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है। सांसद खेल महोत्सव के माध्यम से गांवों और कस्बों से निकलने वाली प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिल रहा है।इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि विनय सिंह, बीएड कॉलेज के प्रोफेसर नंदकिशोर, चतरा कॉलेज चतरा के प्रोफेसर मुकेश झा, भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष सुमन सौरभ तिवारी, बैजनाथ यादव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
