
चतरा के पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल को मिली गुप्त सूचना के आधार पर मंगलवार को जिले के पत्थलगड्डा थाना क्षेत्र के बंदरचुआ स्थित संतोषी माता मंदिर के रास्ते से पुलिस ने एक आई 20 कार से पांच किलो 472 ग्राम अवैध गीला अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार कर लिया। आज अपने कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक श्री अग्रवाल ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि थाना क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा खरीद बिक्री के लिए अफीम की खेप लाई जाने वाली है। सूचना पर सिमरिया अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी शुभम खंडेलवाल के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया।छापामारी दल के द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुये ग्राम बंदरचुआ स्थित संतोष माता मंदिर के पास लेम्बोईया जाने वाली रास्ते में आते हुए आई 20 कार को रोका गया। कार से 5.472 किलोग्राम अफीम एवं 02 मोबाईल के साथ दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार तस्करों में गिद्धौर थाना क्षेत्र के आमीन गांव निवासी विक्रम कुमार (22 वर्ष) पे०-मोहन दांगी और सदर थाना क्षेत्र के उटामोड़ निवासी
राजन कुमार (20 वर्ष) पे० रविन्द्र दांगी का नाम शामिल है।इस संबंध में पत्थलगड्डा थाना कांड संख्या-54/2025, दिनांक-11.11.2025, धारा-111 (2) (ब)भारतीय न्याय संहिता एवं 17 (सी) / 18 (सी)/21 (सी)/25/27/28/29 एनडीपीएस एक्ट दर्ज न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
छापामारी दल में सिमरिया एसडीपीओ शुभम कुमार खण्डेलवाल, पत्थलगड्डा थाना प्रभारी राकेश कुमार, पुअनि विजय कुमार और पत्थलगड्डा थाना सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
