
चतरा: जिले में अफीम की अवैध खेती और तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में लावालौंग थाना क्षेत्र के साम्भे गांव अंतर्गत पिपराडीह टोला में वन भूमि पर अवैध रूप से पोस्ता की बुआई करते दो आरोपियों को पुलिस ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में साम्भे टोला पिपराडीह निवासी उमेश गंझु उर्फ महेंद्र गंझु और केश्वर गंझु शामिल हैं। पुलिस ने मौके से 500 ग्राम पोस्ता का बीज भी जब्त किया है।
समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि पिपराडीह में वन भूमि की कटाई कर अवैध रूप से पोस्ता की खेती की जा रही है। सूचना के सत्यापन और त्वरित कार्रवाई के लिए सिमरिया के प्रभारी एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया, जिसमें लावालौंग थाना प्रभारी चंदन सिंह समेत सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस टीम ने बुचुआ नाला के किनारे करीब 10 डिसमिल वन भूमि की जुताई कर अफीम की बुआई कर रहे दोनों आरोपियों को मौके से दबोच लिया। एसपी ने कहा कि जिले में किसी भी कीमत पर अफीम की अवैध खेती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वन भूमि पर अतिक्रमण कर नशे का कारोबार करने वालों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस मामले में लावालौंग थाना में एनडीपीएस एक्ट एवं वन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
