
हजारीबाग | समाज में बढ़ते नशे के चलन और इससे युवाओं पर पड़ रहे बुरे प्रभाव को देखते हुए खिरगांव में एक सराहनीय पहल की जा रही है। नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और नशामुक्त समाज बनाने के उद्देश्य से रविवार, 8 नवंबर को एक अहम बैठक आयोजित की जाएगी। यह बैठक खिरगांव स्थित मदरसा फैजाने रसूल में सुबह 9 बजे होगी।बैठक में समाज के गणमान्य लोग शामिल होकर नशे के खिलाफ एकजुट होकर काम करने पर चर्चा करेंगे। इसमें बड़ी बाजार थाना प्रभारी की मौजूदगी भी प्रस्तावित है। बैठक का मुख्य उद्देश्य युवाओं को नशे की लत से बचाना, समाज में जागरूकता फैलाना और नशामुक्त वातावरण तैयार करना है। इसके साथ ही शादी-विवाह और अन्य सामाजिक आयोजनों में डीजे पर रोक लगाने को लेकर भी चर्चा होगी। आयोजकों का मानना है कि तेज आवाज से आम लोगों, बुजुर्गों, बच्चों और मरीजों को परेशानी होती है। इस पहल के जरिए समाज के लोगों से अपील की गई है कि वे बैठक में शामिल होकर नशामुक्त और शांतिपूर्ण समाज बनाने में अपनी भागीदारी निभाएं।
